पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने वाणिज्यिक जहाजों पर बार-बार हो रहे हमलों की निंदा की है। उन्होंने विशेष रूप से भारतीय नाविकों को निशाना बनाकर किए गए हमलों पर चिंता जताई।
श्री सोनोवाल ने कहा कि इस तरह की घटनाएं नाविकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। इनसे समुद्री व्यापार बाधित होता है और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला की स्थिरता प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में नौवहन की स्वतंत्रता और वाणिज्यिक जहाजों की निर्बाध आवाजाही अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून के मूलभूत सिद्धांत हैं।
श्री सोनोवाल ने नई दिल्ली में समुद्री सुरक्षा के उपायों को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित समीक्षा बैठक में ये बातें कहीं। मंत्रालय होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय ध्वज वाले या भारतीय हितों से जुड़े नौ जहाजों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।
श्री सोनोवाल ने कहा कि समुद्री मार्गों को सुरक्षित रखना वैश्विक व्यापार जारी रखने के लिए एवं आर्थिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और देशों की समृद्धि के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने समुद्री प्रशासन महानिदेशालय और सभी संबंधित अधिकारियों को समुद्री सुरक्षा के उपाय और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ितों के परिजनों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के उपायों के बारे में भी जानकारी ली।