सितम्बर 7, 2026 8:27 अपराह्न

printer

दिल्ली सरकार ने मौसमी इन्फ्लुएंजा- H1N1 और डेंगू को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का किया आयोजन

दिल्ली सरकार ने आज दिल्ली सचिवालय में मौसमी इन्फ्लुएंजा- एच वन एन वन और डेंगू को लेकर जन-प्रतिनिधियों के लिए एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यशाला में पार्षद, जनप्रतिनिधि और स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के वरिष्‍ठ अधिकारी शामिल रहे।
 
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जन-प्रतिनिधियों को एच वन एन वन और डेंगू के लक्षणों, रोकथाम, समय रहते पहचान और उपचार के बारे में व्यावहारिक जानकारी देना था। कार्यशाला के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी पहुंचाने और रोकथाम के उपायों के लिए नागरिकों को एकजुट करने में जन-प्रतिनिधियों की भूमिका पर भी विशेष बल दिया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बीमारी की रोकथाम को केवल अस्पतालों और स्वास्थ्य कर्मियों तक सीमित नहीं रखा जा सकता है, इसके लिए समुदाय स्तर पर भी सक्रिय भागीदारी की जरूरत है।
 
उन्होंने पार्षदों से स्वास्थ्य विभाग और फील्ड टीमों के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया, ताकि स्वास्थ्य संबंधी जानकारी राजधानी के हर वार्ड, मोहल्ले और हर घर तक प्रभावी तरीके से पहुंच सकें। उन्होंने एच वन एन वन को लेकर दिल्ली वासियों को आगाह करते हुए इस बात पर बल दिया कि हर बुखार को एच वन एन वन और डेंगू से नहीं जोड़ना चाहिए। श्री सिंह ने सभी जन-प्रतिनिधियों से अपील की वे अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में सावधानियों और संदेशों को अधिक प्रचारित करें तथा एच वन एन वन से जुडी गलत धारणा को दूर करने का प्रयास करें।