जून 10, 2026 10:23 अपराह्न

printer

ताइवान ने द्वीप के पूर्व में चीन के नवीनतम समुद्री अभियान की कड़ी आलोचना की

ताइवान ने द्वीप के पूर्व में चीन के नवीनतम समुद्री अभियान की कड़ी आलोचना की है और चीन पर अपने अधिकार क्षेत्र का विस्तार करने और क्षेत्रीय सुरक्षा को कमजोर करने का आरोप लगाया है। ताइवान के विदेश मंत्रालय ने इस कदम की निंदा करते हुए इसे उन जलक्षेत्रों में अधिकार का गैरकानूनी दावा बताया है जहां चीन को कोई कानूनी अधिकार प्राप्त नहीं है। मीडिया की खबरों के अनुसार, यह विवाद तब उत्पन्न हुआ जब चीन के परिवहन मंत्रालय ने ताइवान के पूर्व के जलक्षेत्र में एक विशेष समुद्री अभियान की घोषणा की। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने कहा कि जापान और फिलीपींस के बीच प्रस्तावित समुद्री सीमा वार्ता के जवाब में तटरक्षक पोतों को तैनात किया गया था। चीन का दावा है कि प्रस्तावित वार्ता उसके क्षेत्रीय और समुद्री हितों को प्रभावित करती है।
 
इस घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए, ताइवान के विदेश मंत्रालय ने चीन के रुख को खारिज कर दिया और कहा कि चीन के पास ताइवान के पूर्व के जलक्षेत्र में कानून प्रवर्तन शक्तियों का प्रयोग करने का कोई कानूनी आधार नहीं है। ताइवान ने कहा कि यह अभियान क्षेत्र में अपनी उपस्थिति का विस्तार करने के चीन के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता को लेकर चिंताएं पैदा करता है।