अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले संयुक्त अरब अमीरात में कईं कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस सिलसिले में दूतावास के कर्मचारियों और सामुदायिक समूहों ने देश भर में इन कार्यक्रमों का आयोजन किया। संयुक्त अरब अमरीत में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल के नेतृत्व में जबल हफीत पर्वत की चोटी पर सुबह-सुबह योगासन और ध्यान के सत्र आयोजित किए गए। इस कार्यक्रम का आयोजन अल ऐन शहर के भारतीय सामाजिक केंद्र ने किया। प्रतिभागियों ने योगासन के जरिए भाईचारे, स्वास्थ्य और समग्र कल्याण का संदेश दिया।
दुबई में महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को समर्पित विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसे अमीरात गोल्फ क्लब में सामुदायिक नेता श्रीमती बबलिस कंधारी के सहयोग से दुबई में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने आयोजित किया।
इस बीच, दुबई में भारतीय महावाणिज्य दूतावास दुबई पुलिस की पॉजीटिव स्प्रिट कॉउन्सिल के साथ कल सुबह साढे पांच बजे से साढे छह बजे तक दुबई पुलिस अधिकारी क्लब में विशाल योगासन कार्यक्रम आयोजित करेगा।
आबूधाबी में भारतीय दूतावास सुबह आठ बजे से नौ बजे तक निर्देशित योग सत्र के लिए प्रतिभागियों को आमंत्रित कर रहा है।
इन कार्यक्रमों से समूचे संयुक्त अमीरात में योग के लिए बढते उत्साह का पता चलता है। कल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम में हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।