अक्टूबर 29, 2026 9:49 अपराह्न

printer

यूक्रेन के निप्रो रेलवे स्टेशन पर रूसी ड्रोन हमला, 14 लोगों की मौत

यूक्रेन में निप्रो रेलवे स्टेशन पर रूसी ड्रोन हमले में 14 लोगों की मौत हो गई। हमले के समय स्टेशन के व्यस्त प्लेटफॉर्म पर दो रेलगाड़ियां खड़ी थीं। यह हमला मॉस्को क्षेत्र में रातभर यूक्रेन के ड्रोन हमलों के जवाब में किया गया। रूसी वायु रक्षा बलों ने सैकड़ों ड्रोन को रोकने और नष्ट करने का दावा किया है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस घटना को भयावह हमला बताया। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर काम कर रही हैं। श्री ज़ेलेंस्की ने यूरोपीय संघ, अमरीका और जी-7 देशों से रूस पर प्रतिबंध लगाने के लिए और कड़े कदम उठाने की अपील भी की।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, रूसी वायु रक्षा बलों ने रातभर मॉस्को की ओर छोड़े गए 613 ड्रोन में से अधिकांश को रोकने या मार गिराने का दावा किया है। इसे रूसी राजधानी पर बड़े ड्रोन हमलों में से एक बताया गया है। क्रेमलिन ने मॉस्को पर हुए इन हमलों की निंदा की है। इस समय शहर में 22 से अधिक अफ्रीकी नेताओं की भागीदारी वाला शिखर सम्मेलन भी आयोजित हो रहा है।