जून 27, 2026 12:32 अपराह्न

printer

अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की आर्थिक उपलब्धियों की सराहना की

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा है कि भारत ने उल्लेखनीय आर्थिक प्रगति की है और वैश्विक स्तर पर उसकी भूमिका लगातार मजबूत हो रही है।
 
व्हाइट हाउस में एक समाचार एजेंसी को दिए साक्षात्कार में श्री रुबियो ने कहा कि ट्रंप प्रशासन भारत को अमरीका का सबसे करीबी रणनीतिक साझेदार मानता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के बीच घनिष्ठ संबंध दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने में सहायक हैं।
 
श्री रुबियो ने कहा कि व्यापार, आपूर्ति श्रृंखला, महत्वपूर्ण खनिज, ऊर्जा, सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता जैसे क्षेत्रों में भारत और अमरीका के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को मजबूत बनाने में भारतीय-अमरीकी समुदाय के योगदान की भी सराहना की।