जुलाई 31, 2026 6:40 पूर्वाह्न

printer

पीओके में नागरिकों पर सुरक्षाबलों की हिंसक कार्रवाई के बाद विरोध प्रदर्शन तेज

पाकिस्‍तान के कब्‍जे वाले कश्‍मीर में नागरिकों पर सुरक्षाबलों की हिंसक कार्रवाई के बाद विरोध प्रदर्शन तेज हो गये हैं। इस सप्‍ताह की शुरूआत में सुरक्षाबलों की कार्रवाई में चालीस लोग मारे गए थे। स्‍थानीय अधिकारी अब बुनियादी अधिकारों की मांग कर रही महिला प्रदर्शनकारियों को निशाना बना रहे हैं। पाकिस्‍तानी सुरक्षाबलों ने रावलकोट और मीरपुर में बड़ी संख्‍या में एकत्र महिला प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाई। सोशल मीडिया पर कई वीडियो में पुलिस को कोटली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर गोलीबारी करते देखा जा रहा है। विश्‍लेषकों का दावा है कि प्रदर्शन शुरू होने के बाद से 125 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

जम्‍मू कश्‍मीर संयुक्‍त अवामी कार्रवाई समिति ने सुरक्षाबलों पर बल प्रयोग करने के आरोप लगाए हैं। समिति ने संयुक्‍त राष्‍ट्र, अंतर्राष्‍ट्रीय मानवाधिकारों संगठनों और लोकतांत्रिक सरकारों से हस्‍तक्षेप करने की अपील की है।

पाकिस्‍तान के कब्‍जे वाले कश्‍मीर में कथित क्षेत्रीय चुनावों के साथ तनाव बढ़ गया है। भारत ने कथित चुनाव को गैर कानूनी कब्‍जे और मानवाधिकारों के गंभीर उल्‍लंघन पर पर्दा डालने की पाकिस्‍तान की कोशिश बताया है।