मई 22, 2026 11:27 पूर्वाह्न

printer

उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भीषण लू की स्थिति के लिए रेड अलर्ट जारी: मौसम विभाग

मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में भीषण लू की स्थिति के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में लू की स्थिति के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईक्‍काल और तेलंगाना में भी आज लू चलने की संभावना है। गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा में कल तक गर्म और उमस भरे मौसम रहने का अनुमान व्‍यक्‍त किया गया है। वहीं, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में आज रात गर्म रहने की संभावना है। पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।

आज उत्तर पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों, पश्चिमी बंगाल में हिमालय के तराई वाले क्षेत्रों और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में तेज वर्षा होने का अनुमान है। विभाग के अनुसार, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, केरल, माहे, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र और उत्तराखंड में बिजली और तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। आज जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फरबाद में आंधी के साथ ओलावृष्टि होने का अनुमान व्‍यक्‍त किया गया है।