ईरान ने चेतावनी दी है कि लेबनान में हिज़बुल्ला के खिलाफ इस्राएल के हमलों से अमरीका के साथ संघर्ष विराम पर असर पड़ सकता है। इस्राएल के प्रधानमंत्री बेन्यामिन नेतन्याहू ने बेरूत के दक्षिणी उपनगरीय इलाकों में हमले का आदेश दिया था। ईरान के विदेशमंत्री अब्बास अराग्शी ने कहा कि अमरीका के साथ हुए समझौते में लेबनान सहित सभी मोर्चों पर संघर्ष विराम शामिल है।
किसी एक स्थान पर संघर्ष विराम उल्लंघन का असर सभी मोर्चों पर पड़ेगा। इससे पहले इस्राएल के प्रधानमंत्री ने कहा था कि ईरान समर्थित हिज़बुल्ला के मिसाइल और ड्रोन हमलों के जवाब में लेबनान के आतंकी ठिकानो को निशाना बनाया जाएगा। इसके बाद अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान के साथ बातचीत तेजी से चल रही है। श्री ट्रंप ने बताया कि उन्होंने श्री नेतन्याहू और हिजबुल्ला के प्रतिनिधियों से बातचीत की है।