वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत और अमरीका के बीच व्यापार समझौते के पहले चरण के अधिकांश बिंदुओं पर सहमति बन गई है। अब समझौते को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अमरीकी टीम बातचीत के लिये 4 जून तक दिल्ली में है। भारत की ओर से वाणिज्य विभाग में अपर सचिव दर्पण जैन मुख्य वार्ताकार हैं, जबकि अमरीकी टीम का नेतृत्व ब्रेंडन लिंच कर रहे हैं।
दोनों पक्षों ने तीन फरवरी को समझौते के पहले चरण की रूपरेखा घोषित की थी। रूपरेखा पर सहमति बन जाने पर 7 फरवरी को संयुक्त घोषणा पत्र जारी किया गया था। अब समझौते के लिये कानूनी पक्ष तय किया जाना है। अमरीका पिछले वित्तीय वर्ष में भारत का दूसरा सबसे बड़ा व्यापार साझेदार था।