उत्तर प्रदेश सरकार ने हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल के ढहने की जांच के लिए दो उच्च स्तरीय समितियों का गठन किया है। इस हादसे में छह श्रमिकों की मृत्यु हो गई थी। जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश सेतु निगम द्वारा गठित समितियों ने जांच शुरू कर दी है। हमीरपुर के जिला अधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच समिति की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी कर रहे हैं। समिति घटना से जुड़े सभी प्रशासनिक, तकनीकी और प्रक्रियागत पहलुओं की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश सेतु निगम ने भी जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया हैा यह समिति निर्माण की गुणवत्ता, पूल की रूपरेखा, निर्माण सामग्री तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा करेगी। अवश्कता पड़ने पर निर्माण सामग्री की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस दुर्घटना के संबंध में कुरारा थाने में मामला दर्ज किया गया है। दुर्घटना में मारे गये श्रमिकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से चार-चार लाख रूपये की अनुग्रह राशि दी गई है। निर्माण कार्य से जुडी़ संस्था शेल्टर इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड ने भी प्रत्येक मृतक के परिवार को दस- दस लाख रूपये की आर्थिक सहायता दी है। वहीं श्रम विभाग की योजनाओं के तहत भी पात्र परिवारों को एक लाख 25 हजार की सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है।