रक्षाबंधन का त्योहार आज पूरे देश में मनाया जा रहा है। इस मौके पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रंग-बिरंगी राखी बांधती हैं और उनकी खुशहाली, सेहत और समृद्वि के लिए प्रार्थना करती हैं। इसके बदले में, भाई अपनी बहनों की रक्षा और मदद करने का वादा करते हैं और उन्हें उपहार देते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रक्षा बंधन पर देशवासियों को बधाई दी है। राष्ट्रपति ने कहा कि रक्षा बंधन का त्योहार प्राचीन काल से ही देश की संस्कृति और परंपरा का अहम हिस्सा रहा है।
राष्ट्रपति ने कहा कि रक्षा बंधन पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार याद दिलाता है कि हर रिश्ता भरोसे, संवेदनशीलता और आपसी सहयोग के आधार पर टिका होता है। राष्ट्रपति मुर्मू ने हर नागरिक से परिवार और समुदायों के बीच रिश्तों को मज़बूत करने का संकल्प लेने और इसी भावना के साथ ‘विकसित भारत’ की ओर आगे बढ़ने का आग्रह किया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रक्षा बंधन के अवसर पर आज देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में श्री बिरला ने कहा कि यह त्योहार भाई-बहन के बीच आपसी प्रेम, स्नेह और विश्वास का उत्सव है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार भारत की समृद्ध संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और अटूट प्रेम और अपनेपन के बंधन का प्रतीक है।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि रक्षा बंधन केवल सुरक्षा का पवित्र धागा बांधने का त्योहार नहीं है, बल्कि यह विश्वास, सम्मान, प्रेम और एक-दूसरे के साथ जीवन भर खड़े रहने की प्रतिबद्धता का उत्सव है।
श्री बिरला ने कहा कि भारत की संस्कृति में, सुरक्षा का अर्थ केवल बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं है बल्कि यह महिलाओं के सम्मान, गरिमा, अधिकारों और सपनों की रक्षा करने की प्रतिबद्धता है। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि जब समाज की हर बेटी और बहन सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने में सक्षम होगी, तभी राष्ट्र वास्तव में मजबूत और सशक्त बनेगा।