वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज से छह दिन की अमरीका यात्रा पर हैं। अपनी इस यात्रा के दौरान वे शिकागो, एशविले और न्यूयॉर्क जाएंगी।
वित्तमंत्री सीतारमण शिकागो में प्रमुख निवेशकों के साथ एक गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगी और निजी क्षेत्र के अग्रणी सीईओ, अध्यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी। इन बैठकों में भारत में निवेश के अवसर, आर्थिक दृष्टिकोण और भारत और अमरीका के बीच व्यापार और निवेश साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा होगी।
श्रीमती सीतारमण शिकागो विश्वविद्यालय के पोल्स्की सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड इनोवेशन का दौरा करेंगी। वित्त मंत्री अपनी यात्रा के दौरान शिकागो में भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत करेंगी।
एशविले में, सुश्री सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित जी-20 सदस्य देशों के वित्त मंत्री, केंद्रीय बैंक गवर्नर तथा वरिष्ठ आर्थिक अधिकारी वैश्विक, आर्थिक और वित्तीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। यह बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को होगी।
इसके बाद न्यूयॉर्क में सुश्री सीतारमण प्रमुख कंपनियों के सीईओ और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ एक निवेशक गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगी। जिसमें निवेश के अवसरों, भारत के आर्थिक और वित्तीय परिदृश्य और भारत और अमरीका के बीच वित्तीय और संस्थागत संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा होगी।
वित्तमंत्री 25 अगस्त से शुरू हुए कनाडा दौरे के बाद अब अमरीका के 6 दिवसीय दौरे पर हैं। यह दौरा अगले महीने की 2 तारीख को समाप्त होगा।