प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल गुजरात के दौरे पर रहेंगे। वे राज्य में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। अहमदाबाद में केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पूर्वी और पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे देश के परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना हैं। उन्होंने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना अब पूरी हो चुकी है और प्रधानमंत्री कल इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
बुलेट ट्रेन परियोजना की प्रगति की जानकारी देते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि सूरत-बिलिमोरा खंड को अगले वर्ष चालू करने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि वापी से सूरत तक सिविल निर्माण कार्य इस वर्ष दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन के कोच निर्माण का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है और पहला परीक्षण कोच तैयार हो चुका है। श्री वैष्णव ने विश्वास व्यक्त किया कि अगले वर्ष देशवासी आधुनिक हाई-स्पीड रेल सेवा का अनुभव कर सकेंगे।