जून 17, 2026 3:30 अपराह्न

printer

पीएम मोदी आज जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज शाम फ्रांस के एवियां में जी-7 सम्‍मेलन के दौरान अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। इससे पहले दोनों नेताओं ने फरवरी 2025 में अमरीका के वॉशिंगटन में बैठक की थी। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्‍न क्षेत्रों सहित क्षेत्रीय और वैश्विक हित के मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

श्री मोदी सम्‍मेलन के दौरान सभी के लाभ के लिए संतुलित, समावेशी और मजबूत आर्थिक विकास को बढ़ावा देने नामक सत्र में भी भाग लेंगे। इस सत्र में जी-7 के सदस्‍य और साझेदारी देश तथा अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष जैसे प्रमुख संगठनों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे।

श्री मोदी का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सुरक्षित, तेज़ और प्रभावी इस्तेमाल को सुनिश्चित करने पर आयोजित एक विशेष सत्र में भी भाग लेने का कार्यक्रम है।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी, यूरोपीय आयोग की अध्‍यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेयन और जर्मनी के चांसलर फ्रैड्रिक मर्त्‍ज से भी मुलाकात करेंगे।