प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की से टेलिफोन पर बातचीत की।
इस दौरान राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने युद्ध से जुड़ी हालिया घटनाओं पर अपना नज़रिया साझा किया। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के मानव-केंद्रित दृष्टिकोण को दोहराया और संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति से निकालने पर बल दिया। श्री मोदी ने कहा कि भारत इस संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के सभी प्रयासों में योगदान के लिए तैयार है।
दोनों नेताओं ने यूक्रेन और भारत के लोगों को फ़ायदा पहुंचाने के उद्देश्य से दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मज़बूत करने के उपायों पर भी चर्चा की।