प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैन्‍युएल मैक्रों रविवार को लीस में भारत इनोवेट्स का करेंगे शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और राष्‍ट्रपति इमैन्‍युएल मैक्रों रविवार को फ्रांस के लीस में भारत इनोवेट्स शिखर सम्‍मेलन का शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम में पिछले 12 वर्ष के दौरान स्‍टार्टअप के क्षेत्र में भारत की महत्‍वपूर्ण यात्रा दिखाई जाएगी। देश में 2014 में मान्‍यता प्राप्‍त लगभग तीन सौ पचास स्‍टार्टअप थे। अब भारत में डीपीआईआईटी से मान्‍यता प्राप्‍त दो लाख 35 हजार से अधिक स्‍टार्टअप और 131 यूनीकॉर्न है। भारत अब स्‍टार्टअप के मामले में विश्‍व का तीसरा प्रमुख देश है।

शिक्षामंत्री ने कहा कि वैश्‍विक निवेशकों और उद्योग जगत के लिए इस पहले भारत इनोवेट्स में अत्‍याधुनिक तकनीक के क्षेत्र में काम कर रहे नवप्रवर्तकों और स्‍टार्टअप की उपलब्‍धियों को दिखाया जाएगा। इस आयोजन से भारत और वैश्‍विक हितधारकों के बीच नवाचार आधारित साझेदारी को आगे बढ़ाने के मंच के रूप में कार्य करने की सम्‍भावना है। श्री प्रधान ने कहा कि भारत इनोवेट्स से वैश्‍विक नवाचार नेटवर्क के साथ देश की साझेदारी महत्‍वपूर्ण रूप से प्रगाढ होने की सम्‍भावना है। इससे भारत के प्रौद्योगिकी आधारित वृद्धि और उद्यमिता के लिए अग्रणी केन्‍द्र के रूप में स्‍थापित होने की सम्‍भावना है। यह आयोजन भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के तत्‍वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी और राष्‍ट्रपति मैक्रों ने इस वर्ष फरवरी में मुम्‍बई में किया था।