नवम्बर 28, 2026 12:14 अपराह्न

printer

राष्ट्रपति मुर्मु भारतीय नौसेना अकादमी की पासिंग आउट परेड में शामिल हुईं, प्रशिक्षुओं को पदक प्रदान किए

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि भारत अपने सशस्त्र बलों को मजबूत बनाने और समुद्री सुरक्षा क्षमताओं को बढ़ाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दे रहा है।

केरलम के कन्नूर में भारतीय नौसेना अकादमी के शरद सत्र-2026 की पासिंग आउट परेड को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत में अब बड़ी संख्या में युद्धपोतों और पनडुब्बियों का डिजाइन तैयार करने और उनके निर्माण का काम देश में ही किया जा रहा है। यह रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के देश के संकल्प को दर्शाता है। इससे भारतीय अभियंताओं, वैज्ञानिकों, कुशल कामगारों और उद्योगों की क्षमता पर देश का भरोसा भी झलकता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय नौसेना के अधिकारी के रूप में कैडेट एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की यात्रा का हिस्सा बनेगा।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कैडेटों की सलामी ली और प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी प्रशिक्षुओं को पदक प्रदान किए। आज की इस पासिंग आउट परेड में कुल 427 कैडेट शामिल हुए, जिनमें 69 महिला कैडेट और 18 विदेशी कैडेट थे।

राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया में तेजी से बदलाव हो रहे हैं और नई तकनीक से युद्ध के तरीके तथा समुद्री सुरक्षा के स्वरूप भी बदल रहे हैं। उन्होंने कैडेटों को दिया गया प्रशिक्षण, बदलती परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता और अपने कर्तव्य के प्रति समर्पण, उन्हें इन चुनौतियों का सामना करने में मदद करेगा।

राष्ट्रपति ने पासिंग आउट कैडेटों में बड़ी संख्या में युवा महिलाओं की मौजूदगी पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है। इन महिला कैडेटों ने साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, साहस और योग्यता की कोई सीमा नहीं होती। राष्ट्रपति ने मित्र देशों के कैडेटों को भी विशेष रूप से बधाई दी।

इस अवसर पर केरलम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर, नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन, दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल समीर सक्सेना और भारतीय नौसेना अकादमी के कमांडेंट वाइस एडमिरल आलोक आनंद भी उपस्थित थे।