जून 25, 2026 12:46 अपराह्न

printer

वेनेजुएला में 7.5 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, भारत के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने जताया दुख

वेनेजुएला की राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ ने भूकंप के कारण देश में आपातकाल की घोषणा की है। आज सुबह कराकस और आसपास के इलाकों में आए लगातार 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंप के कारण कई इमारतें ढह गई हैं। वेनेजुएला के राष्‍ट्रपति ने कक्षाएं और गैर-आवश्यक गतिविधियों को अगले आदेश तक स्थगित कर दी है। उन्होंने सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में सार्वजनिक और निजी जन-स्वास्थ्य तंत्र को भी सक्रिय कर दिया। इस बीच, कई जगहों पर बचाव अभियान जारी है।

वेनेजुएला के राष्ट्रपति ने कहा कि शक्तिशाली भूकंपों में 32 लोगों की मौत हो गई है और 700 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत कार्य जारी है। आपातकालीन दल नुकसान का आकलन कर रहे हैं, मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

भारत के उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप से हुई तबाही पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि उनकी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है। उन्होंने भारत के लोगों की ओर से वेनेजुएला के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्‍त की।

सोशल मीडिया पोस्ट में भारत के प्रधानमंत्री ने वेनेजुएला सरकार और वहां के लोगों, विशेषकर अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भारत सभी प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है। उन्‍होंने हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।