जून 27, 2026 6:34 अपराह्न | P.V. Narasimha Rao

printer

प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्‍तकालय में पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिम्‍हा राव की 105वीं जयंती के अवसर पर प्रदर्शनी का आयोजन

प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्‍तकालय में आज पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिम्‍हा राव की 105वीं जयंती के अवसर पर उनके जीवन और विरासत से जुडी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्‍तकालय की कार्यकारी परिषद के अध्‍यक्ष नृपेन्‍द्र मिश्रा ने इस प्रदर्शनी का उदृघाटन किया।

इस प्रदर्शनी में श्री नरसिम्‍हा राव के महत्‍वपूर्ण राजनीतिक सफर से जुड़े दुर्लभ चित्र, आधिकारिक दस्‍तावेज, भाषण, पत्राचार और अन्‍य सामग्री दिखाई गई है। इसमें देश के आर्थिक परिदृश्‍य में बदलाव करने वाले उदारीकरण, निजीकरण और वैश्विीकरण के प्रमुख आर्थिक सुधारों को शुरू करने में उनकी महत्‍वपूर्ण भूमिका तथा भारत के इतिहास के महत्‍वपूर्ण दौर में उनके नेतृत्‍व पर बल दिया गया है। श्री राव ने आंध्र प्रदेश के मुख्‍यमंत्री तथा केन्‍द्र में विदेश मंत्री, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री सहित विभिन्‍न पदों पर कई दशक में राष्‍ट्र की सेवा की। वे 21 जून, 1991 से 16 मई, 1996 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। राष्‍ट्र की अनुकरणीय सेवा के लिए उन्‍हें 2024 में मरणोपरांत भारत रत्‍न से सम्‍मानित किया गया।

इस प्रदर्शनी में राष्‍ट्र निर्माण में योगदान के लिए विद्वान, स्‍वाधीनता सेनानी, सुधारक और दूरदर्शी राष्‍ट्र नेता के रूप में उनके बहुमुखी व्‍यक्तित्‍व को भी दिखाया गया है। श्री राव के जीवन, राजनीतिक यात्रा और देश के विकास में योगदान से जुड़ी विशेष फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई है।