नवम्बर 24, 2026 6:45 पूर्वाह्न

printer

भारत में अत्यधिक गरीबी दर घटकर 2.6 प्रतिशत हुई: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत में अत्यधिक गरीबी दर 27 दशमलव 1 प्रतिशत से घटकर 2 दशमलव 6 प्रतिशत हो गई है, और लगभग 5 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं।

विश्व बैंक की नवीनतम रिपोर्ट का हवाला देते हुए श्री चौहान ने कहा कि सरकार का अगला लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि जो लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ चुके हैं, वे फिर से गरीबी के नीचे न जाए, साथ ही उन लोगों के जीवन स्तर में सुधार करना है जो अभी भी गरीबी रेखा के नीचे हैं।

डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में आयोजित कार्यशाला में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, भूमि संसाधन विभाग और कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और कमलेश पासवान भी उपस्थित थे।

श्री चौहान ने इस प्रगति का श्रेय सरकारी विभागों और उनके कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि आपने केवल योजनाएँ ही नहीं बनाई हैं बल्कि आपने राष्ट्र का भी निर्माण किया है। बाद में वे मंच से उठकर उनके बीच बैठ गए और उनके सुझाव सुने।

कृषि मंत्रालय के अनुसार कृषि क्षेत्र की दशकवार विकास दर 4 दशमलव 45 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि हरित क्रांति के दौरान यह दर लगभग 3 से 3 दशमलव 5 प्रतिशत रही थी। अधिकारियों ने बताया कि खाद्यान्न उत्पादन 376 दशमलव 56 मिलियन टन और बागवानी उत्पादन 386 दशमलव 91 मिलियन टन रहा।

मंत्रालय ने पीएम-किसान योजना के माध्यम से 4 दशमलव 66 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि के वितरण का भी उल्लेख किया, साथ ही फसल बीमा, कृषि ऋण, प्राकृतिक खेती, 10 हजार किसान उत्पादक संगठनों और एग्रीस्टैक जैसी डिजिटल पहलों का भी जिक्र किया।