नवम्बर 23, 2026 10:00 अपराह्न

printer

नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की दो दिवसीय भारत यात्रा को ऐतिहासिक बताया

नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की दो दिवसीय भारत यात्रा को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से भारत और नेपाल के संबंधों को नई मजबूती मिली है और द्विपक्षीय सहयोग के नए रास्ते खुले हैं। भारत से लौटने के बाद आज काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में श्री खनाल ने बताया कि भारत ने नेपाल को गुजरात के दीनदयाल और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों के इस्तेमाल की अनुमति देने पर सहमति जताई है। इससे नेपाल का अंतरराष्ट्रीय व्यापार आसान होगा।

उन्होंने बताया कि भारत नेपाल को 240 अरब नेपाली रुपये की विकास सहायता देगा। इसमें 56 अरब रुपये अनुदान और 184 अरब रुपये ऊर्जा परियोजनाओं के लिए ऋण के रूप में शामिल हैं। यात्रा के दौरान सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। साथ ही, जनकपुर-अयोध्या यात्री रेल सेवा का उद्घाटन और मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण की शुरुआत की गई। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने ‘विकसित भारत और समुन्नत नेपाल’ नाम से संयुक्त विजन दस्तावेज भी जारी किया। इसमें व्यापार, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य और संपर्क सुविधाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया है।