प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों नेता भारत और नेपाल के बीच संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे और आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। दोनों प्रधानमंत्री पूरी हो चुकी कई परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन करेंगे। साथ ही, कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। वार्ता के बाद विभिन्न क्षेत्रों में भविष्य की सहयोग योजनाओं से जुड़े कई द्विपक्षीय दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए जाने और उनका आदान-प्रदान होने की उम्मीद है। इनमें विकास साझेदारी, ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे, संपर्क सुविधा, जलवायु परिवर्तन से निपटने, आपदा प्रबंधन, बुनियादी ढांचे और प्रौद्योगिकी जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह कल दो दिन की यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे।
आज सुबह राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। नेपाल के प्रधानमंत्री आज दोपहर बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की यह पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा है।