विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा है कि भारत और नेपाल के बीच सीमा से जुड़े मुद्दे को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों को ध्यान मे रखते हुए सुलझाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीमा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार करने के लिए दोनों देशों के बीच पहले से ही कई स्तरों पर व्यवस्थाएं मौजूद हैं।
श्री मिसरी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सीमा प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर विचार करने के लिए क्षेत्रीय सर्वेक्षण दल हैं, जो वरिष्ठ अधिकारियों की समिति को अपनी रिपोर्ट सौंपते हैं। इसके अलावा, एक सीमा कार्य समूह भी गठित है। पहले बनी सहमति के अनुसार इन विभिन्न व्यवस्थाओं से मिलने वाले सुझावों पर विचार करने में दोनों देशों के विदेश सचिवों की भी भूमिका है।
विदेश सचिव ने बताया कि दोनों देशों के बीच सीमा के अधिकांश हिस्से पर तकनीकी स्तर पर काफी काम हुआ है। इसमें सीमा स्तंभों का रखरखाव और अतिक्रमण की शिकायतों की जांच जैसे कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इस दिशा में अच्छी प्रगति हुई है और काम सुचारु रूप से आगे बढ़ा है।
श्री मिसरी ने कहा कि दोनों देशों के नेताओं ने विदेश सचिवों को इस कार्य को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि यह निर्देश दोनों देशों के बीच हुई व्यापक और भविष्य को ध्यान में रखकर की गई सकारात्मक बातचीत का हिस्सा है।