हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र की शक्ति बनाने के लिए अवसरों के नए द्वार खोले हैं। खेलो इंडिया ने खेल प्रतिभाओं को मंच दिया, फिट इंडिया ने स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया, स्किल इंडिया ने हुनर को अवसर से जोड़ा और स्टार्टअप इंडिया ने युवाओं में उद्यमिता की नई ऊर्जा पैदा की। इसी प्रकार, मुद्रा योजना और स्टैंड-अप इंडिया ने युवाओं के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता के रास्ते खोले हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज अंबाला में सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा को नमन करते हुए कहा कि वे सेवा और संकल्प की नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।