सेवा संकल्प अभियान कल से पूरे देश में शुरू होने वाला है। अभियान शुरू होने से पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कोलकाता में एक संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जो नेता नागरिकों के कल्याण को प्राथमिकता देता है, वही सच्चा नेता होता है। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों की जनसेवा के दौरान भारत के हर क्षेत्र में बदलाव लाए हैं।
उन्होंने मीडिया को बताया कि कल विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी प्रधानमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में अपने घरों में दीये जलाएंगे और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण का सम्मान करेंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि यह भागीदारी पूरी तरह से स्वैच्छिक है।
राजनाथ सिंह ने बताया कि एनडीए के सत्ता में आने के बाद से अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा सहित हर क्षेत्र में बदलाव आया है। शांति पहल ने परमाणु ऊर्जा में निजी क्षेत्र की भागीदारी का मार्ग प्रशस्त किया है, जबकि निजी कंपनियां अंतरिक्ष क्षेत्र में भी तेजी से भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ नागरिकों को गरीबी से बाहर निकाला गया है और उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल एक विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।