अप्रैल 22, 2026 5:48 अपराह्न

printer

पहलगाम आतंकी हमले को एक वर्ष पूरा होने पर राजनयिक मिशनों और दूतों ने पीड़ितों को याद कर भारत के साथ एकजुटता दिखाई

पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर राजनयिक मिशनों और विदेशी दूतों ने पीड़ितों को याद किया और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की है। इस आतंकी हमले में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या कर दी थी।
 
भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा है कि वे पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करने के लिए अपने भारतीय मित्रों और सहयोगियों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ खड़ा है।
 
भारत में ब्रिटिश उच्चायोग ने आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा की है और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से शांति तथा सुरक्षा के प्रति ब्रिटेन की प्रतिबद्धता को दोहराया है। फ्रांस ने भी भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की है और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में अपने संकल्प की पुष्टि की है। 
 
इज़राइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने भी पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्‍होंने कहा कि इज़राइल आतंकवाद से निपटने और शांति, सुरक्षा तथा स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए भारत के साथ सहयोग को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला