भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) अध्यक्ष तुहिन कांता पांडे ने आज कहा कि पिछले एक दशक में देश के पूंजी बाजारों में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है। मुंबई में वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ एक्सचेंजेस की 65वीं वार्षिक आम बैठक में श्री पांडे ने कहा कि पिछले एक दशक में देश के इक्विटी बाजार पूंजीकरण में लगभग 16 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि हुई है और यह लगभग 5 ट्रिलियन डॉलर हो गया है। उन्होंने कहा कि देश में 6,700 से अधिक सूचीबद्ध कंपनियां हैं और बाजार पूंजीकरण-से-जीडीपी अनुपात लगभग 130 प्रतिशत है।
सेबी अध्यक्ष ने कहा कि कंपनियों ने पिछले एक दशक में इक्विटी और ऋण जारी करके प्रति वर्ष औसतन 130 बिलियन अमरीकी डॉलर जुटाए हैं। बाजार सुधारों पर श्री पांडे ने कहा कि लिस्टिंग की समयसीमा कम की गई है और कॉर्पोरेट बॉन्ड बाजार में दस हजार रुपये तक के अंकित मूल्य वाले ऋण प्रतिभूतियों को जारी करना संभव बनाया गया है। सेबी अध्यक्ष ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और उन्नत विश्लेषण से बाजार और उसे जुडे जोखिमों की निगरानी, नियामक अनुपालन और निवेशक सेवाओं में महत्वपूर्ण सुधार आए हैं।