सितम्बर 16, 2026 9:52 अपराह्न

printer

छत्तीसगढ़ की एक विशेष एनआईए अदालत ने 2013 के झीरम घाटी माओवादी हमले के मामले में 10 दोषियों को मौत की सजा सुनाई

राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण (एनआईए) की जगदलपुर स्थित विशेष अदालत ने आज झीरम घाटी कांड के सभी दस दोषियों को आज फांसी की सजा सुनाई। विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत ने यह फैसला सुनाया। दोषियों को उच्च न्यायालय में अपील करने के लिए तीस दिन का समय दिया गया है।

25 मई 2013 को छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के दरभा थाना क्षेत्र में स्थित झीरम घाटी में माओवादियों के हमले में कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेताओं सहित सत्ताईस लोगों की मौत और पैंतीस अन्य घायल हुए थे। एनआईए ने इस मामले में एक सौ पचास से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके ग्यारह माओवादियों को गिरफ्तार किया था। एक आरोपी की सुनवाई के दौरान मृत्यु हो गई। शेष दस आरोपियों को विशेष अदालत ने पांच सितंबर को दोषी करार दिया था।