अप्रैल 25, 2026 1:19 अपराह्न

printer

मेक्सिको की राष्ट्रपति ने संप्रभुता पर अपने रुख को दोहराया, विदेशी हस्तक्षेप को खारिज किया

मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शाइनबाम ने कहा है कि देश की संप्रभुता पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्‍होंने अमरीका सहित किसी भी प्रकार के विदेशी हस्तक्षेप को अस्वीकार किया है। कल एक प्रेस सम्मेलन में उन्होंने कहा कि अन्य देशों के साथ सहयोग मेक्सिको के संविधान और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के अनुरूप होना चाहिए।
 
सुश्री शाइनबाम ने कहा कि अमरीका के साथ मेक्सिको के संबंध समन्वय और सहयोग पर आधारित हैं। उन्होंने उत्तरी राज्य चिहुआहुआ में हाल ही में हुए एक अभियान में विदेशी खुफिया एजेंटों की संलिप्तता की जांच की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की भागीदारी मेक्सिको के कानून का उल्लंघन होगी।
 
रविवार को चिहुआहुआ में एक वाहन दुर्घटना में अमरीकी दूतावास के दो कर्मचारी मारे गए। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार ये नियमित प्रशिक्षण आदान-प्रदान में भाग लेने वाले प्रशिक्षक थे, लेकिन अमरीकी दैनिक ने बताया कि वे मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में शामिल अमरीकी केंद्रीय खुफिया एजेंसी के एजेंट थे।
 
इससे पहले, 22 अप्रैल को भी मेक्सिको की राष्ट्रपति ने कहा था कि सरकार को इस बात की जानकारी नहीं थी कि अमरीकी सीआईए एजेंट उत्तरी मैक्सिको में एक गुप्त ड्रग लैब को नष्ट करने के  मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में भाग ले रहे थे।