मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड – एमडीएल ने दुगाराजपटनम में एक ग्रीनफील्ड शिपयार्ड विकसित करने के लिए राष्ट्रीय जहाज निर्माण और भारी उद्योग पार्क-आंध्र प्रदेश के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता ज्ञापन आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की उपस्थिति में हस्ताक्षरित किया गया। इस पर एमडीएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक कैप्टन जगमोहन और एनशिप-एपी के प्रबंध निदेशक प्रवीण आदित्य सी.वी. ने हस्ताक्षर किए।
समझौते के अंतर्गत, एमडीएल अगले पांच से सात वर्षों में लगभग 15 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस परियोजना से लगभग 45 हजार लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। प्रस्तावित शिपयार्ड की डिजाइन क्षमता 1 दशमलव 2 मिलियन टन प्रति वर्ष होगी।
यह परियोजना प्रस्तावित दुगाराजपटनम जहाज निर्माण-सह-बंदरगाह क्लस्टर का हिस्सा है। इसे भारत सरकार की जहाज निर्माण विकास योजना के तहत विकसित किया जा रहा है।