जून 24, 2026 1:54 अपराह्न

printer

ईरान के साथ नए समझौते के बाद खाड़ी क्षेत्र की तीन दिवसीय यात्रा पर अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो तीन दिन की खाड़ी क्षेत्र की यात्रा पर हैं। इसका उद्देश्‍य ईरान के साथ हुए नए संवाद और समझौते के बाद प्रमुख अरब सहयोगियों को विश्‍वास दिलाना है। चार महीने से चल रहे पश्चिम-एशिया संघर्ष  को समाप्‍त करने के लिए अमरीका ने ईरान के साथ नया समझौता किया है। 
 
श्री रुबियो कल देर रात आबू धाबी पहुंचे। उनका संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत और बहरीन में बातचीत का कार्यक्रम है। इस सप्‍ताहांत वे गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल के अधिकारियों से मिलेंगे।
 
इस दौरान वे क्षेत्रीय सहयोगियों को अमरीका और ईरान के बीच लागू अंतरिम शांति समझौते और संभावित अंतिम समझौते के ढांचे के बारे में जानकारी देंगे। यात्रा से पहले श्री रुबियो ने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्‍य ईरान और अमरीका की बातचीत में खाड़ी देशों की राय को महत्‍व देना है।
 
उन्होंने कहा कि किसी भी समझौते के अन्‍तर्गत ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुज़रने वाले जहाज़ों पर टोल लगाने की इजाज़त नहीं दी जाएगी। उन्होंने टोल वसूली को अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ बताया। 
 
सप्ताहांत में स्विट्जरलैंड में अमरीका और ईरान के बीच बातचीत सकारात्‍मक रही। हालांकि दोनों पक्षों ने बैठक के बारे में अलग-अलग राय व्‍यक्‍त की है।