अक्टूबर 18, 2026 7:47 अपराह्न

printer

महाराष्ट्र के पहले उन्नत अन्नपूर्ति अनाज एटीएम का नासिक में उद्घाटन

महाराष्ट्र के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री छगन भुजबल ने राज्‍य के पहले उन्नत अन्नपूर्ति अनाज एटीएम का उद्घाटन नासिक में किया। इस पहल का उद्देश्य उचित मूल्य की दुकानों के निर्धारित परिचालन समय के बाद भी पात्र लाभार्थियों को उनकी सुविधानुसार अनाज उपलब्ध कराना है। महाराष्ट्र में लगभग 54 हजार उचित मूल्य की दुकानें हैं जो सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत लगभग सात से साढ़े सात करोड़ लाभार्थियों को सेवा प्रदान करती हैं।

महाराष्‍ट्र सरकार ने कहा कि वह पारदर्शी वितरण को प्राथमिकता दे रही है, प्रक्रियात्मक त्रुटियों को दूर कर रही है और यह सुनिश्चित कर रही है कि पात्र लाभार्थियों को अनाज मिले।

श्री भुजबल ने कहा कि यह अनाज एटीएम उन लोगों के लिए विशेष रूप से लाभदायक होगा जिन्हें काम की व्यस्तताओं के कारण नियमित दुकान समय के दौरान अपना राशन लेने में कठिनाई होती है। महाराष्ट्र भर में नियोजित तीन अनाज एटीएम में से पहला नासिक में शुरू किया गया है, जबकि अगले दो नागपुर और ठाणे में स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है।