फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी सहित विश्व के अनेक देशों के नेताओं ने दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने यह पर्व मनाने वाले लोगों के लिए शांति, समृद्धि, एकता और आशा की कामना की।
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मैक्रों ने भारत और दुनिया भर में अपने सभी दोस्तों को दिवाली की बधाई दी। उन्होंने कामना की कि दीपावली की रोशनी सभी को एकता, शांति और उम्मीद बनाए रखने के लिए प्रेरित करे। श्री कार्नी ने कहा कि कनाडा की जनता दुनिया भर के लाखों लोगों के साथ मिलकर ‘प्रकाश के त्योहार’ दिवाली को मना रहे हैं। यह त्योहार अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और अज्ञानता पर ज्ञान की जीत का प्रतीक है। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने उन सभी लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं जो साथ मिलकर दीपक जलाते हैं, साथ मिलकर भोजन करते हैं और परस्पर मिलकर पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं का पालन करते हैं।
श्री अल्बानीज़ ने कहा कि दीपावली प्रकाश की जीत का बड़ा उत्सव है, जो धार्मिक और सांस्कृतिक सीमाओं से परे समुदायों को एक साथ लाता है। सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि दीपावली के प्रतीक और चिह्न ऐसा संदेश देते हैं जो धर्म या संस्कृति से कहीं ऊपर हैं। यह करुणा, समझ, प्रेम और एकता का आह्वान है।
संयुक्त अरब अमीरात-यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने देश और दुनिया भर में दिवाली मनाने वाले सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा प्रकट की कि यह शुभ अवसर और आने वाला वर्ष सभी के लिए उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए।
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने कहा कि दीपावली अंधकार पर रोशनी और अज्ञानता पर ज्ञान की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक अर्थ केवल घरों को दीपों की रोशनी से सजाना ही नहीं है, बल्कि लोगों के दिलों में प्रेम, करुणा, भाईचारे और मानवता का प्रकाश जगमगाना है।
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने भी हिंदू समुदाय को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दिवाली नफरत, असहिष्णुता और निराशा के अंधेरे पर रोशनी की जीत का प्रतीक है। इस्राइल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत तथा दुनिया भर में दिवाली मनाने वाले लोगों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने प्रकाश के इस सुंदर त्योहार पर सभी के लिए शांति, खुशी और समृद्धि की कामना की।
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा कि दिवाली को देश के विविध समाज में एकता को मजबूत करना चाहिए और मतभेदों को दूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे बहुलवादी समाज में, जहाँ विभिन्न संस्कृतियाँ और परंपराएँ मौजूद हैं, आपसी सम्मान, समझ और मतभेदों को स्वीकार करने की भावना को लगातार मजबूत किया जाना चाहिए।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने कल बैंकॉक में ‘अमेजिंग थाईलैंड ग्रैंड दिवाली फेस्टिवल’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भारतीय राजदूत पुनीत अग्रवाल और थाईलैंड के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। 27 दिन तक चलने वाला यह उत्सव, भारत के बाहर मनाया जाने वाला अब तक का सबसे लंबा दिवाली आयोजन माना जा रहा है। इसका आयोजन भारतीय दूतावास, थाईलैंड पर्यटन प्राधिकरण, बैंकॉक प्रशासन और भारतीय प्रवासी संगठनों के सहयोग से किया जा रहा है।
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में दिवाली मनाई। उन्होंने ओवल ऑफिस में भारतीय-अमरीकी अधिकारियों, उद्यमियों और राजनयिकों की मौजूदगी में दीप जलाया।