यमन के होदेइदाह और सना में पिछले दो सप्ताह से फंसे 19 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। सभी नाविक भारत लौट रहे हैं। यमन स्थित भारतीय दूतावास ने कल सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। दूतावास ने भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकालने में सहयोग और लगातार समर्थन के लिए सभी संबंधित पक्षों का आभार व्यक्त किया।
यह पहल भारत की ओर से यमन के तट के पास नौका पर सवार 14 भारतीय नागरिकों के सुरक्षित होने की जानकारी दिए जाने के कुछ दिन बाद की गई है। इससे पहले, 23 अक्टूबर को भारतीय दूतावास ने बताया था कि होदेइदाह के पास एक नौका पर सवार सभी 14 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। दूतावास ने घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए संबंधित पक्षों के संपर्क में होने की भी जानकारी दी थी।