केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो ने कहा है कि देश विरोध प्रदर्शनों से संबंधित मानवाधिकार उल्लंघनों के लगभग दो हजार पीड़ितों को मुआवज़ा देगा। यह न्यायिक प्रणाली से बाहर एक विशेष राष्ट्रीय मुआव्जा प्रक्रिया है। इस पूर्वी अफ्रीकी देश में, करों में वृद्धि के विरोध में होने वाले वार्षिक सरकार-विरोधी प्रदर्शनों में सैकड़ों लोग मारे गए हैं, घायल हुए हैं या व्यावसायिक नुकसान झेल चुके हैं।
सबसे हालिया घटना में, अमरीकियों के लिए बने इबोला क्वारंटाइन केंद्र के विरोध में हुए दो प्रदर्शनों में 3 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए। मानवाधिकार उल्लंघनों के पीड़ितों को राज्य द्वारा वित्त पोषित मानवाधिकार आयोग की जांच के बाद अगले सप्ताह से मुआवज़ा मिलना शुरू हो जाएगा। कुल भुगतान डेढ़ करोड़ अमरीकी डॉलर होने की उम्मीद है।
श्री रूटो ने राष्ट्रीय क्षतिपूर्ति ढांचा रिपोर्ट जारी करते हुए कहा कि मुआवज़ा जीवन, पीड़ा या हानि की कीमत नहीं है, और इसे हिंसा या अपराध के लिए इनाम के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।