काठमांडू में पहली बार कल से फिल्म महोत्सव का आयोजन हो रहा है। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में नेपाली और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माता, कलाकार और सिनेमा प्रेमी एक साथ आएंगे। काठमांडू महानगरपालिका द्वारा आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य नेपाल की सिनेमाई विरासत को बढ़ावा देना और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। इस महोत्सव से नेपाल के फिल्म उद्योग को अंतरराष्ट्रीय रचनात्मक समुदाय से जुड़ने का मौका मिलेगा।
महोत्सव के दौरान शनिवार को नेपाल पर्यटन बोर्ड में आयोजित संवाद सत्र में प्रसिद्ध भारतीय अभिनेत्री शबाना आज़मी शामिल होंगी। फिल्में, महोत्सव और एक सार्थक जीवन शीर्षक वाले इस सत्र में फिल्म विद्वान मार्को मुलर, जापानी निर्देशक ताकयुकी नाकामुरा और भारतीय फिल्म कलाकार दीप्ति डी’कुन्हा सहित कई अंतरराष्ट्रीय अतिथि भी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में सिनेमा, रचनात्मक शहरों और अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों पर विचार-विमर्श होगा।
महोत्सव में कई देशों की फिल्में दिखाई जाएंगी। इनमें भारत की बयान, चीन की डियर यू, दक्षिण कोरिया की द किंग्स वार्डन और अमरीकी क्लासिक द गॉडफादर शामिल हैं। इसके अलावा, कुमारी और के घर के डेरा सहित क्लासिक नेपाली फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग भी होगी।
रविवार को समाप्त होने वाले इस महोत्सव में मास्टरक्लास, नेपाल के फिल्म उद्योग के विकास पर चर्चा और उभरते फिल्मकारों की लघु फिल्मों तथा वृत्तचित्रों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।