नवम्बर 28, 2026 2:04 अपराह्न

printer

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में डेनमार्क को महत्वपूर्ण भागीदार बताया

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में डेनमार्क एक महत्वपूर्ण भागीदार है। भारत-डेनमार्क संयुक्त आयोग की 5वीं बैठक में विदेश मंत्री ने कहा कि हरित रणनीतिक साझेदारी ने दोनों देशों के संबंधों को विशिष्ट स्वरूप दिया है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी डेनमार्क की क्षमताओं और भारत की विकास संबंधी आवश्यकताओं को एक साथ लाती है।

डॉ जयशंकर ने कहा कि दोनों देश जल, नवीकरणीय ऊर्जा, बिजली और पर्यावरण अनुकूल जहाजरानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग कर रहे हैं। स्वास्थ्य, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि और विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग से भी द्विपक्षीय संबंध मजबूत हुए हैं।

डॉ जयशंकर ने भारत-यूरोपीय संघ साझेदारी को मजबूत करने, विशेष रूप से भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने में डेनमार्क के समर्थन की सराहना की।