अप्रैल 24, 2026 8:43 पूर्वाह्न

printer

इस्राएल और लेबनान तीन सप्ताह के लिए युद्धविराम बढ़ाने पर सहमत: अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि कल रात व्हाइट हाउस में हुई बातचीत के बाद इस्राएल और लेबनान तीन सप्ताह के लिए युद्धविराम बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं। ट्रंप ने ओवल ऑफिस में इस्राएल के वाशिंगटन स्थित राजदूत येचिएल लीटर और लेबनान की अमरीका स्थित राजदूत नाडा मोवाद की अमरीकी मध्यस्थता में हुई बातचीत के दूसरे दौर की मेजबानी की। ट्रंप ने कहा कि पिछले एक सप्ताह में इस्राएल और लेबनान के अमरीकी राजदूतों के बीच हुई यह दूसरी बैठक बहुत सफल रही। शुरुआती 10 दिवसीय युद्धविराम सोमवार को समाप्त होने वाला था।

इस बीच, अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने ईरान के विरुद्ध संघर्ष में परमाणु हथियार इस्‍तेमाल करने की संभावना को खारिज किया है। उन्‍होंने कहा कि वे इस्‍लामिक रिपब्लिक के साथ श्रेष्‍ठ शांति समझौता करने की आशा करते हैं और वे इस मामले में जल्दबाजी नहीं करना चाहते। उन्‍होंने कहा कि परमाणु हथियारों का इस्‍तेमाल करने की अनुमति किसी को नहीं दी जानी चाहिए।

तेहरान के एकीकृत प्रस्‍ताव देने तक ईरान के साथ संघर्षविराम के विस्‍तार की घोषणा किए जाने के दो दिनों बाद राष्‍ट्रपति ट्रंप ने व्‍हाइट हाउस में एक संवाददाता सम्‍मेलन के दौरान यह बात कही। राष्‍ट्रपति ट्रंप के प्रशासन का मानना है कि ईरान उदारवादियों और कट्टरप‍ंथियों के बीच आंतरिक मतभेद के साथ जूझ रहा है। इस कारण ईरान को सुसंगत कार्यवाही करने में कठिनाई हो रही है। ईरान के नेतृत्‍व को लेकर राष्‍ट्रपति ट्रंप ने कहा कि देश उथल-पुथल में है और लोग इस बात को लेकर आपस में लड़ रहे हैं कि देश पर किसका नियंत्रण होगा। राष्‍ट्रपति ट्रंप ने ईरान के साथ श्रेष्‍ठ और मजबूत समझौते पर बल दिया।