ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की नौसेना ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को केवल ईरानी अधिकारियों द्वारा तय और घोषित मार्गों का ही इस्तेमाल करना होगा।
आई.आर.जी.सी. ने चेतावनी दी है कि अन्य मार्गों से जहाजों की आवाजाही खतरनाक और प्रतिबंधित होगी।
यह घोषणा ओमान समुद्री सुरक्षा केंद्र की ओर से अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के साथ हुए समझौते के अंतर्गत जहाजों की आवाजाही के लिए दिशा-निर्देश जारी किए जाने के बाद की गई है।
ईरान और ओमान ने आज एक संयुक्त बयान जारी कर कहा कि दोनों देश होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन व्यवस्था के भविष्य को लेकर बातचीत के लिए एक संयुक्त कार्य समूह बनाएंगे। दोनों देशों ने अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन ने होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे 11 हजार से अधिक नाविकों को निकालने के लिए एक योजना की घोषणा की है।
संगठन के महासचिव ने कहा कि इस अभियान के लिए जरूरी सुरक्षा आश्वासन प्राप्त कर लिए गए हैं। यह अभियान ईरान और अमरीका के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए हुए समझौते के बाद शुरू किया जा रहा है।