ईरान ने घोषणा की है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले एक वाणिज्यिक पोत से अपना पहला शुल्क वसूल किया है। यदि इसकी पुष्टि होती है तो यह आधुनिक समय में अभूतपूर्व कदम होगा और वाशिंगटन की ओर से इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की जा रही है।
ईरान का कहना है कि शुल्क ईरान के केंद्रीय बैंक में जमा कर दिया गया है और इसे हाल ही में अमरीका और इस्राएली सैन्य कार्रवाई से हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति के रूप में देखा जाएगा। राशि के मूल्य के बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया गया है, लेकिन जहाजरानी उद्योग के सूत्रों का अनुमान है कि बड़े टैंकरों को प्रति ट्रांजिट दस लाख डॉलर तक का शुल्क देना पड़ सकता है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड जलमार्ग में नाकाबंदी कर रहा है, हालांकि पोत की हिरासत और मार्ग परिवर्तन की पुष्टि संबंधी सुचनाओं का आभाव है।
राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने शुल्क प्रणाली को अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानून का सीधा उल्लंघन बताते हुए प्रतिक्रिया दी है। अमरीका का रुख लंबे समय से अपरिवर्तित है, जिसका मानना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य एक अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग है और तट पर स्थितियों की परवाह किए बिना, अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत सभी जहाजों को ट्रांजिट का अधिकार है। अमरीकी केंद्रीय कमान ने ओमान की खाड़ी सहित आसपास के जलक्षेत्रों में अपनी नौसैनिक तैनाती बढ़ा दी है।