ईरान ने, स्विट्जरलैंड में अमरीका के साथ वार्ता के प्रथम दौर के बाद, अमरीकी उपराष्ट्रपति जे डी वेंस के इस दावे का खंडन किया है कि ईरान अब परमाणु निरीक्षकों को हथियारों के निरीक्षण की अनुमति देगा। श्री जे डी वेंस ने दावा किया है कि ईरान बातचीत के बाद परमाणु निरीक्षकों को आने देने की अनुमति देने पर सहमत हो गया है। श्री वेन्स ने यह भी कहा कि इस बारे में अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी से जल्द से जल्द बातचीत हो सकती है।
दोनों देशों के बीच कल बातचीत में अमरीकी वित्त विभाग ने ईरान को आर्थिक प्रतिबंधों से 60 दिन की छूट दी है। इससे ईरान की अर्थव्यवस्था को राहत मिलेगी तथा ईरानी कच्चे तेल का उत्पादन, अमरीकी डॉलर में बिक्री और आपूर्ति स्वीकृत हो जाएगी।
ईरान, जलमार्ग से जहाजों के गुजरने के दौरान अमरीका या अन्य देशों के साथ किसी भी प्रकार की गलतफहमी के समाधान के लिए टेलीफोन हॉटलाइन लगाने पर सहमत हो गया है। हॉर्मुज जलडमरूमध्य से नौवहन लगातार बढ़ रहा है।
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान को अपने हथियारों के निरीक्षण के लिए सहमत होना होगा। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ईरना के साथ भेंट वार्ता में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने स्पष्ट किया कि ईरान ने परमाणु निरीक्षकों को लेकर कोई प्रतिबद्धता व्यक्त नहीं की है।