जून 21, 2026 6:58 अपराह्न

printer

ईरान और अमरीका के बीच आज स्विट्जरलैंड के पहाड़ी रिसॉर्ट बर्गेंस्टॉक में वार्ता

अमरीका और ईरान के बीच नाजुक अंतरिम समझौते को मजबूत करने और पश्चिम एशिया संघर्ष को समाप्त करने के प्रयासों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से वार्ता आज स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक में शुरू हो गई है। यह वार्ता कतर और पाकिस्तान की मध्यस्थता में हो रही है। अमरीकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उपराष्ट्रपति जे डी वेंस कर रहे हैं, जबकि ईरान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संसद के अध्‍यक्ष  मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची कर रहे हैं। यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब ईरान ने कहा है कि लेबनान पर इस्राएल के लगातार हमलों के कारण होर्मुज जल-डमरू-मध्य फिर से बंद कर दिया गया है। वहीं अमरीकी सेना का कहना है कि जलमार्ग सभी जहाजों के लिए खुला है।

पिछले सप्ताह प्रकाशित 14 सूत्री समझौता ज्ञापन के पहले खंड में लेबनान सहित सभी मोर्चों पर संघर्ष विराम की आवश्यकता है, जहां इस्राएल और ईरान समर्थित सशस्त्र गुट हिजबुल्लाह के बीच लड़ाई तेज हो गई है।

ईरान ने कहा कि बर्गेनस्टॉक में ईरानी वार्ता दल और कतर के मध्यस्थों के बीच एक बैठक हुई। ईरान और अमरीका आज बाद में कतर और पाकिस्तान के प्रतिनिधियों के साथ चार पक्षीय वार्ता में भाग लेने वाले हैं।

इस वार्ता से पहले, अमरीकी प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तानी मध्यस्थता की टीम के साथ बैठक की। इस प्रतिनिधिमंडल में विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के दामाद जेरेड कुशनर भी शामिल हैं।

इस बीच, ईरानी मीडिया के अनुसार, राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने कहा है कि कतर के पास मौजूद 6 अरब अमरीकी डॉलर की फ्रीज धनराशि, युद्ध समाप्त करने के लिए अमरीका के साथ हुए प्रारंभिक समझौते के तहत ईरान को वापस कर दी जाएगी।