सितम्बर 22, 2026 10:30 अपराह्न

printer

घरेलू और वैश्विक निवेश आकर्षित करने के लिए बेंगलुरु में निवेशक गोलमेज सम्मेलन का आयोजन

दूरसंचार उपकरण उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्रीय संचार मंत्रालय और मध्य प्रदेश सरकार ने ग्वालियर में आगामी दूरसंचार विनिर्माण क्षेत्र (टीएमजेड) के लिए घरेलू और वैश्विक निवेश आकर्षित करने के लिए बेंगलुरु में एक निवेशक गोलमेज सम्मेलन का आयोजन किया। बेंगलुरु में इस कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए, केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एशिया के पहले समर्पित दूरसंचार औद्योगिक केंद्र के पीछे की रणनीतिक दृष्टि पर जोर दिया।
 
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रमुख दूरसंचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और प्रौद्योगिकी कंपनियों ने ग्वालियर में विनिर्माण केंद्र स्थापित करने में गहरी रुचि दिखाई है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड” दृष्टिकोण के अंतर्गत भारत को सेवा-उन्मुख बाजार से वैश्विक उत्पाद और विनिर्माण क्षेत्र का अग्रणी देश बनाने के मिशन के अनुरूप है।
 
उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य निजी क्षेत्र के साथ साझेदारी करके भारत को सेवा-प्रधान अर्थव्यवस्था से उत्पाद निर्माण के महाशक्ति केंद्र में बदलना है, जिससे घरेलू नवाचार, अनुसंधान और विकास तथा बड़े पैमाने पर दूरसंचार उत्पादन को बढ़ावा मिल सके।
 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर टीएमजेड परियोजना को क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को गति देने के लिए तैयार किया गया एक अग्रणी मॉडल बताया। उन्होंने मध्य प्रदेश के प्रतिस्पर्धी लाभों का उल्लेख किया। जिनमें मात्र एक रुपये की नाममात्र दर पर भूमि आवंटन, 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति, प्रचुर मात्रा में भूमि भंडार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से उत्कृष्ट बहुआयामी कनेक्टिविटी शामिल हैं।
 
डॉ. यादव ने दोहराया कि इस पहल से कुशल युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होगा और राज्य एक प्रमुख उच्च-तकनीकी औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित होगा।