महिला एशिया कप क्रिकेट में दुबई में कल भारतीय टीम फाइनल में पिछले चैंपियन श्रीलंका से भिड़ेगी। श्रीलंका की टीम आज पाकिस्तान को चार विकेट से हराकर फाइनल में पहुंच गई। 131 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम ने 4 विकेट खोकर 8 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
इससे पहले, बल्लेबाजी के लिए भेजे जाने पर पाकिस्तानी टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 130 रन बनाए। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने 47 रन की पारी खेली और 4 विकेट लिए, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सकीं। फातिमा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
प्रतियोगिता में सात बार की विजेता टीम भारत ग्रुप चरण में तीन जीत के साथ शीर्ष स्थान पर रही और सेमीफाइनल में उसने बांग्लादेश को 40 रन से हराया।
श्रीलंका ने 2024 के फाइनल में भारत को हराकर अपना पहला एशिया कप खिताब जीता था।