जून 21, 2026 9:20 अपराह्न

printer

भारतीय नौसेना का स्टील्थ फ्रिगेट आई.एन.एस. तरकश मॉरीशस के पोर्ट लुईस पहुंचा

भारतीय नौसेना का स्टील्थ फ्रिगेट आई.एन.एस. तरकश कल मॉरीशस के पोर्ट लुईस पहुंचा। यह जहाज दक्षिण-पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में अपने परिचालन अभियान के तहत तैनात है।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस तैनाती का उद्देश्य समुद्री सहयोग को मजबूत करना और भारत तथा मॉरीशस के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ करना है।

आई.एन.एस. तरकश अपनी यात्रा के दौरान मॉरीशस नेशनल कोस्ट गार्ड के कर्मियों के लिए कई व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा। इनमें बंदरगाह और समुद्री निगरानी, अग्निशमन, क्षति नियंत्रण, समुद्री सुरक्षा और नौवहन जैसे विषय शामिल होंगे। मंत्रालय के अनुसार, यह पहल मित्र देशों की समुद्री क्षमताओं को बढ़ाने और प्रशिक्षण में भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इसके अलावा, जहाज को आम लोगों के लिए भी खोला जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिक भारतीय नौसेना के जवानों से संवाद कर सकेंगे। इससे दोनों देशों के बीच जन-जन के संपर्क और समुद्री जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा।

रक्षा मंत्रालय ने यह भी बताया कि आईएनएस तरकश ने आज पोर्ट लुईस में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत का प्रतिनिधित्व भी किया।