भारतीय नौसैनिक पोत शारदा ने श्रीलंका के कोलंबो की यात्रा पूरी कर ली है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा से दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग और आपसी संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। यात्रा के दौरान श्रीलंका की नौसेना के साथ कई पेशेवर, प्रशिक्षण और खेल संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
श्रीलंका के पश्चिमी नौसेना क्षेत्र के कमांडर, रियर एडमिरल जगत कुमार ने जहाज का दौरा किया और चालक दल से बातचीत की। आई.एन.एस शारदा के कमांडिंग ऑफिसर ने श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा से भी भेंट की।
मंत्रालय ने बताया है कि क्षमता निर्माण पहलों के तहत, श्रीलंका की नौसेना के कर्मियों ने छोटे हथियारों के संचालन, बुनियादी अग्निशमन, प्राथमिक चिकित्सा और बचाव प्रक्रिया में हिस्सा लिया।