भारत ने आज ओमान तट के पास वाणिज्यिक जहाज सेट्टेबेलो पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि जहाज पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को अब तक बचा लिया गया है और तीन भारतीय लापता हैं। मंत्रालय ने बताया कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थिति पर नजर रख रहा है। भारतीय दूतावास राहत और बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।
भारत ने क्षेत्र में जहाजों पर हमलों की लगातार हो रही घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ये क्षेत्र में चल रहे संघर्ष का सीधा परिणाम हैं। भारत ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने और राजनयिक समाधान के लिए चल रही बातचीत को पूरा करने का आह्वान किया।