भारत ने संयुक्त राष्ट्र में सुधार और ग्लोबल साउथ के मजबूत प्रतिनिधित्व के लिए अपने प्रयासों को दोहराया है। विदेश मंत्रालय के सचिव सिबी जॉर्ज ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरेश से मुलाकात कर बहुपक्षवाद तथा वैश्विक निकाय के पुनर्गठन पर चर्चा की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब संयुक्त राष्ट्र बढ़ती चुनौतियों का सामना कर रहा है।
वार्ता के दौरान, भारत ने बहुपक्षीय सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर बल दिया और विकासशील देशों की आवाज को बुलंद करने की आवश्यकता पर जोर दिया। दोनों पक्षों ने ग्लोबल साउथ के देशों को समर्थन देने के उद्देश्य से भारत-संयुक्त राष्ट्र विकास साझेदारी कोष सहित भारत की पहलों पर भी चर्चा की।
श्री जॉर्ज ने संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई बैठक कीं और शांति रक्षा अभियानों में भारत की मजबूत भूमिका की पुष्टि की। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की वित्तीय स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की और शांति रक्षा मिशनों के लिए सतत वित्त पोषण की आवश्यकता पर बल दिया।
भारत ने विभिन्न मंचों पर अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली को और अधिक समावेशी तथा विकासोन्मुखी बनाने के लिए इसमें तत्काल सुधार का आह्वान किया। भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी प्रतिनिधित्व के लिए अफ्रीका की मांग का भी समर्थन किया।