अप्रैल 26, 2026 9:30 अपराह्न

printer

भारत, न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते पर 27 अप्रैल को होंगे हस्ताक्षर: उद्योग मंत्री पीयूष गोयल

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच कल नई दिल्ली में मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होंगे। यह समझौता दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

आगरा में न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले के साथ ताजमहल के दौरे के दौरान श्री गोयल ने कहा कि यह समझौता कई वर्षों की उच्च स्तरीय वार्ताओं के बाद अंतिम रूप दिया गया है और दोनों देशों के नेताओं की उपस्थिति में इस पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

इस समझौते का उद्देश्य अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर पांच अरब डॉलर तक पहुंचाना है। श्री गोयल ने कहा कि इस समझौते से भारतीय उत्पादों के लिए बाजार तक पहुंच बेहतर होगी और व्यापार के नए अवसर बढ़ेंगे।

श्री गोयल ने आगरा में चमड़ा, वस्त्र, हथकरघा, हस्तशिल्प, कालीन और मसाला जैसे क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात की और उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि आगरा भारत के भविष्य के निर्यात में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।